बिलावर। बिलावर डिवीजन में लगातार बारिश और भूस्खलन के चलते जनजीवन के साथ-साथ व्यापार भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार, डिवीजन की कुल 104 सड़कों में से 44 सड़कों को गंभीर क्षति पहुंची है। अधिशासी अभियंता कासिम चौधरी ने बताया कि इनमें से 26 सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया गया है, जबकि शेष 18 सड़कों पर बहाली का कार्य जारी है।
स्थायी मरम्मत के लिए विभाग को 7 करोड़ की आवश्यकता होगी, जबकि अस्थायी बहाली के लिए 1 करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत आने वाली 55 सड़कों में से 20 पर यातायात बहाल हो चुका है। अधिशासी अभियंता जमीर हुसैन ने बताया कि यदि मौसम साफ रहा तो एक सप्ताह के भीतर सभी सड़कों को चालू कर दिया जाएगा। स्थायी मरम्मत के लिए 15 करोड़ रुपए और अस्थायी बहाली के लिए 7 करोड़ की राशि की जरूरत बताई गई है।
व्यापारियों की चिंता...माल नहीं पहुंच रहा, ग्राहक नहीं आ रहे
इलाके को जोड़ने वाली मुख्य सड़कों पर माल वाहक वाहनों के न चलने से व्यापारी वर्ग बेहद परेशान है। व्यापारी नरेश कुमार, गुलशन शर्मा, राहुल और चरणदास ने बताया कि वाया लखनपुर सड़क पिछले 15 दिनों से बंद है। वाया दयालाचक मार्ग पर माल वाहनों को अनुमति नहीं है। इसका सीधा असर दुकानों पर पड़ा है। न तो नया माल पहुंच रहा है और न ग्राहक आ रहे हैं। व्यापारियों ने बताया कि बिलावर में खरीदारी करने के लिए आसपास के क्षेत्र से लोग आते थे, लेकिन सड़कें बंद होने के कारण अब ग्राहक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
ज्यादातर पहाड़ी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित
उप मंडल में हुई मूसलाधार बारिश से दूर दराज के ज्यादातर इलाकों में पिछले एक हफ्ते से बिजली आपूर्ति ठप है। इसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली विभाग की टीमें बिजली सप्लाई बहाल करने में जुटी हुई हैं, लेकिन भूस्खलन के कारण बिजली सप्लाई बहाल करने के लिए विभाग की टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। क्योंकि मौसम साफ होने के बाद भी प्रभावित क्षेत्रों में भूस्खलन का दौर अभी भी जारी है। बिजली विभाग के एईई विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि सफैन, बोरा, सुंदरीकोट, इलाके में भूस्खलन का दौर लगातार जारी है और लगभग 20 बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। दूर दराज मलाड, मडून, चेऊ, ध्यौता और अन्य क्षेत्रों में 30 बिजली के खंभे भूस्खलन की वजह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अधिकारी ने कहा की कटली, बग्गन,हौटार आदि इलाकों में बिजली ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है। विभाग ने इन सभी इलाकों में अस्थाई रूप से बिजली सप्लाई को बहाल कर दिया है।
अलग-अलग सड़कों पर यातायात बहाल करने के लिए लगाई गई जेसीबी मशीनें। स्रोत पाठक।- फोटो : mathura
अलग-अलग सड़कों पर यातायात बहाल करने के लिए लगाई गई जेसीबी मशीनें। स्रोत पाठक।- फोटो : mathura