तीन पंचायतों की 30,000 से अधिक आबादी को नहीं मिल रहा लाभ
बिलावर। मल्हार इलाके को सड़क संपर्क से जोड़ने के लिए साल 2007 में 18 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य आज तक अधर में लटका है। सड़क पर पानी की निकासी के प्रबंधों के साथ-साथ सुरक्षा दीवारें नहीं लगाई गईं। क्षेत्र की तीन पंचायत की 30,000 से अधिक आबादी को सही तरीके से सड़क सुविधा का फायदा नहीं मिल पा रहा है।
जरा सी बारिश होने के बाद सड़क पर यातायात प्रभावित हो जाता है। सड़क पर फिसलन बढ़ने से दूर दराज मलाड़, मल्हार, नलेऊ के लोगों का संपर्क अन्य इलाकों से कट जाता है। स्थानीय निवासी पवन कुमार, सतपाल अश्विनी, नेक मोहम्मद और मोहम्मद अली ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने नाबार्ड के तहत सड़क पर पिछले 18 सालों में लगभग 9 करोड़ से अधिक की राशि खर्च की जा चुकी है, लेकिन आज तक सड़क का काम मुकम्मल नहीं किया गया। सड़क पर आज तक तारकोल भी नहीं बिछाई गई।
लोगों ने कहा कि दूरदराज का पहाड़ी इलाका स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ सड़क सुविधाओं से भी वंचित है और इलाके के लोगों को सही सड़क सुविधा नहीं मिलने से परेशानियां उठानी पड़ती हैं।
लोगों ने कहा कि समस्या के बारे में कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ इलाके के जनप्रतिनिधियों से भी गुहार लगाई के सड़क के काम को मुकम्मल किया जाए। इस संदर्भ में संबंधित विभाग ने आज तक कोई संज्ञान नहीं लिया। लोगों ने कहा कि सड़क का कार्य मुकम्मल नहीं होने की वजह से आज तक इलाके में मिनी बस सेवा या कोई भी बस सेवा शुरू नहीं हो पाई है।
लोगों ने कहा कि अगर मौसम साफ रहे तो सड़क पर यातायात बहाल हो जाता है, लेकिन बरसात के मौसम में या फिर जोरदार बारिश होने के बाद सड़क पर मलबा गिर जाता है। संवाद