कठुआ/बनी। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बनी-भद्रवाह मार्ग पर 37 दिन बाद वाहनों की आवाजाही बहाल हो गई है।
बुधवार को बीकन के मुख्य अभियंता ब्रिगेडियर आई के जग्गी, 35 बीआरटीएफ के कमांडर एच मूर्ती और 114 आरसीसी के ओसी प्रमोद कुमार ने पुल का उद्घाटन कर इसे सार्वजनिक आवागमन के लिए खोल दिया। फिलहाल इसपर एक एक कर वाहनों को गुजरने की अनुमति रहेगी और अधिकतम भार क्षमता 24 टन निर्धारित की गई है।
लगभग 55 लाख की लागत से अस्सो में बैली तकनीक से इस वैकल्पिक पुल को तैयार किया गया है। जबकि अगले वर्ष से प्रस्तावित स्थायी पुल के भी तैयार होने की उम्मीद है।
ब्रिगेडियर आई के जग्गी ने बताया कि उनकी प्राथमिकता पुल बनाने की थी। 31 माई को हादसे से पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। जिससे एक बड़े इलाके का संपर्क कट गया था। खाका तैयार करने के बाद चार जुलाई से पुल बांधने का काम शुरू किया, जिसे 58 घंटे के भीतर तैयार कर लिया गया है।
उन्होंने अपील की है कि इससे ओवरलोड वाहन न जाएं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए एक एक कर वाहन गुजरें। इसके लिए प्रशासन और यातायात विभाग इसे सुनिश्चित करें। बनी भद्रवाह के बीच पांच में से चार पुल मंजूर हैं। तीन का हाइड्रोलिक डाटा लेकर पुल का निर्माण के लिए विश्लेषण किया जा रहा है। गहरी नींव की व्यवस्था की जा रही है, ताकि इसे लंबी अवधि तक इस्तेमाल किया जा सके।