दिन भर बारिश का दौर जारी रहने से सड़क पर बने गढ़ों में भरा बारिश का पानी। स्रोत संवाद।
बिलावर। उपमंडल में लगातार दूसरे दिन भी बारिश का दौर जारी रहा। इस वजह से इलाके का तापमान और लुढ़क गया है। लोगों को कई दिनों बाद एक बार फिर सर्दी का एहसास हुआ। वीरवार को दिन की शुरुआत बारिश के साथ हुई जो देर शाम तक लगातार जारी रही। मुख्य बाजार और अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में बहुत ही कम रौनक रही। बारिश के कारण दूरदराज मल्हार और देहरी गला इलाकों का सड़क संपर्क दूसरे दिन भी उपमंडल मुख्यालय से कटा रहा।
उधर, लोहाई मल्हार इलाके को जोड़ने वाली सड़क के अडोदा नाले के पास फिसलन बढ़ गई है। सड़क के बीचोंबीच मलबा आ गिरा, जिस वजह से वाहनों की आवाजाही केवल किंडली इलाके तक ही सीमित रही। इस कारण बदनौता, लोहाई से सटे इलाके के लोगों को परेशान होना पड़ा।
पीएमजीएसवाई के कनिष्ठ अभियंता सुदेश चाढ़क ने बताया कि अडोदा नाले के पास फिसलन बढ़ने और सड़क पर मलबा गिरने से यातायात अवरुद्ध हुआ है। मौसम साफ होते ही सड़क पर यातायात बहाल कर दिया जाएगा। संवाद