बिलावर। आजादी के 78 साल बाद जब पहली बार मलाड के हाई स्कूल के पास सड़क पहुंची तो स्थानीय लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं था। स्थानीय लोगों ने पोकलेन के ऑपरेटर का फूलमालाएं पहनाईं और ढोल की थाप पर नाचकर खुशी का इजहार किया।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मल्हार से मलाड के लिए लगभग 13 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जा रहा है जिस पर सरकार की ओर से 6.72 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी। सड़क का निर्माण होने से दुर्गम पहाड़ी मलाड गांव अब मुख्य सड़क नेटवर्क से जुड़ गया है। दशकों से पैदल रास्ते और कच्ची पगडंडियों पर निर्भर रहने वाले ग्रामीणों के लिए यह सिर्फ एक विकास परियोजना नहीं बल्कि जिंदगी बदल देने वाला पड़ाव है। पहली बार जब सड़क हाई स्कूल मलाड के पास पहुंची तो लोग उत्साहित हो उठे और पूरा इलाका जश्न के माहौल में डूब गया।
बता दें कि मलाड में सड़क पहुंचने से अब दूर दराज के क्षेत्र के लोगों को वाया मल्हार, बदनौता से होकर मशैडी तहसील मुख्यालय पर पहुंचने में आसानी होगी और सड़क के माध्यम से लोग दो घंटे में मशैडी तहसील मुख्यालय में पहुंच सकेंगे अब लोगों को तहसील मुख्यालय पहुंचने के लिए 6 घंटे का पैदल सफर तय नहीं करना पड़ेगा। सड़क का निर्माण होने से दूरदराज इलाके की 15000 से अधिक आबादी को राहत मिलेगी।