कठुआ। भारत सरकार ने पीएम पोषण योजना के तहत सामग्री लागत में संशोधन को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। केंद्र के 60 और प्रदेश के 10 फीसदी हिस्से के साथ अब बाल वाटिका, प्राइमरी और अपर प्राइमरी के लिए प्रति छात्र दी जाने वाली दरों को बढ़ाया गया है। नई दरें एक मई से लागू की जाएंगी। जम्मू-कश्मीर में बाल वाटिका और प्राथमिक कक्षाओं के लिए प्रति छात्र प्रतिदिन 6.78 रुपये, जबकि उच्च प्राथमिक कक्षाओं के लिए प्रति छात्र प्रतिदिन 10.17 रुपये निर्धारित किए गए हैं। वित्त पोषण 90:10 के आधार पर होगा। केंद्रीय शिक्षा और वित्त मंत्रालय की स्वीकृति के बाद इसे लागू किया जा रहा है। अधिसूचना में केंद्र की ओर से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को न्यूनतम अनिवार्य योगदान से अधिक योगदान करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। विभागों और फील्ड कार्यकर्ताओं को इसे शीघ्र लागू करने के लिए निर्देशित किया गया है।
सरकार का यह कदम बच्चों के पोषण और कल्याण को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। बता दें कि इससे पहले जम्मू कश्मीर में बाल वाटिका और प्राथमिक कक्षाओं के लिए प्रति छात्र प्रतिदिन 6.19 रुपये, जबकि उच्च प्राथमिक कक्षाओं के लिए प्रति छात्र प्रतिदिन 9.29 रुपये निर्धारित थे। संवाद