बिलावर। गढ़ गांव के वार्ड पांच में राजस्व विभाग की भूमि से एक हरे चीड़ के पेड़ को काटने का मामला प्रकाश में आया है। सोशल मीडिया पर स्थानीय लोगों द्वारा वायरल की गई पोस्ट के बाद राजस्व विभाग हरकत में आया और लकड़ी को जब्त कर लिया है।
शनिवार को स्थानीय कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर अवैध तरीके से काटे गए चीड़ के पेड़ की फोटो वायरल कर दी। इसके बाद तहसीलदार बिलावर पंकज शर्मा के आदेश पर स्थानीय चौकीदार और लंबरदार की उपस्थिति में लकड़ी को जब्त कर लिया गया। इस संबंध में तहसीलदार बिलावर ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व इलाके में हुई बारिश के कारण गढ़ गांव के वार्ड पांच में एक चीड़ का हरा पेड़ जड़ों समेत गिर गया था। बिना अनुमति के किसी भी प्रकार की लकड़ी को राजस्व विभाग की जमीन से उठाने की अनुमति नहीं है। लकड़ी को जब्त कर लिया गया है और बिना अनुमति के राजस्व विभाग की जमीन से लकड़ी उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।