संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस जिले के शैक्षणिक संस्थानों में उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान आन,बान और शान से तिरंगा फहराया गया। वहीं, विद्यार्थियों ने अपनी सांस्कृतिक व देशभक्ति की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भर दिया।
सरकारी हाई स्कूल सैड में हुए कार्यक्रम के दौरान स्कूल की मुख्य अध्यापिका सुषमा रानी ने अध्यापकों के साथ तिरंगा फहराया। विद्यार्थियों ने परेड पेश की। वहीं, इसके बाद छात्रों ने देशभक्ति से भरी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को रोचक बनाया। प्रयागराज में जारी महाकुंभ की झांकी विशेष रूप से सराहनीय रही। उधर, हायर सेकेंडरी स्कूल नगरी परोल में भी तहसीलदार नगरी आना जमवाल ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। वहीं, विद्यार्थियों ने कार्यक्रम पेश किए।
इस मौके पर मुख्य अध्यापिका ने सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज के दिन ही हमें विश्व के सबसे सशक्त लोकतंत्र बनाने वाला संविधान मिला था। हमें अपनी एकता को और ज्यादा मजबूत करके देश को समृद्ध राष्ट्र बनाने के लिए काम करना होगा। इसी तरह, बसोहली स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल हट्ट में सीनियर लेक्चरर विपिन मलपोत्रा और रोहन लाल की अगुवाई में कार्यक्रम हुआ। समाजसेवी रघु राज शर्मा और पूर्व सरपंच सुरिंदर सिंह ने तिरंगा फहराया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस के महत्व से परिचित कराते हुए उन्हें राष्ट्र के लिए सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।