कठुआ। हर साल मार्च के दूसरे रविवार को जसरोटा स्थित किले में कुलदेव बाबा काली वीर के देवस्थान पर होने वाली जसरोटिया बिरादरी की वार्षिक मेल की तैयारी शुरू हो गई है। रविवार को बिरादरी ने कुलदेव बाबा कालीवीर की ज्योति यात्रा निकाली। इस दौरान बिरादरी के सदस्यों ने लोगों को मेल में शामिल होने के लिए निमंत्रण देने की शुरुआत की।
परंपरा के अनुसार बरवाल गांव से निकाली जाने वाली ज्योति यात्रा में शामिल बिरादरी के वरिष्ठ सदस्यों ने कुलदेव बाबा कालीवीर के जयघोष के साथ यात्रा का आगाज किया। जसरोटिया सनातन धर्म सभा की ओर से निकाली जाने वाली इस यात्रा में शामिल जिला विकास परिषद के उपाध्यक्ष रघुनंदन सिंह ने बताया कि मेल से पूर्व जम्मू-कश्मीर सहित पड़ोसी राज्य पंजाब और हिमाचल में रहने वाले बिरादरी के सदस्यों तक मेल का निमंत्रण पहुंचाया जाएगा। वर्ष 1992 से निमंत्रण देने के लिए ज्योति यात्रा निकाली जा रही है। गांव-गांव यह यात्रा जाती है।