जिला पुलिस लाइन में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी को आउट करते हुए
नशा मुक्त भारत अभियान थीम पर टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट फाइनल मुकाबले के साथ संपन्न
-
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। सिविक एक्शन प्रोग्राम 2024-25 के तहत जिला पुलिस लाइन के मैदान में जारी क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आरसीसी बिलावर टीम के नाम रहा। बिलावर ने जीएसआई टाइगर टीम को 42 रनों से मात दी। इसके साथ ही नशा मुक्त भारत अभियान थीम पर आयोजित टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन हो गया।
शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीसी बिलावर टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवरों में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए जो इस प्रतियोगिता में किसी भी टीम द्वारा बनाए गए स्कोर में अधिकतम रहा। 185 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए जीएसआई टाइगर्स की टीम की बल्लेबाजी शुरू ही ढीली रही। टीम लक्ष्य का पीछा नहीं कर पाई और 141 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस प्रकार आरसीसी बिलावर टीम ने यह मैच 42 रनों से जीत लिया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एसएसपी शोभित सक्सेना ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। वहीं, प्रतियोगिता के दौरान अक्षित मन्हास को ओवरऑल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज के साथ-साथ मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार से नवाजा गया। इस अवसर पर डीएसपी मुख्यालय मंजीत सिंह, डीएसपी डीएआर सुभाष चंद्र के अलावा जिला पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।