राम मंदिर निधि संग्रह के लिए जन जागरूकता अभियान को तेज करते हुए राम मंदिर निधि संग्रह समर्पण समिति द्वारा जिला में जगह-जगह जन जागरण रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को राम मंदिर निधि संग्रह समर्पण समिति की ओर से लखनपुर प्रखंड द्वारा जनजागरण रैली का आयोजन किया गया। लखनपुर से शुरू हुई रैली में सैकड़ों की संख्या में शामिल राम भक्तों ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में रैली निकालते हुए आम लोगों को राम मंदिर के निर्माण में योगदान सुनिश्चित करने की अपील की।
रैली में शामिल राम भक्तों द्वारा इस दौरान लगाए जाने वाले जयघोष से इस दौरान पूरा वातावरण राममय हो गया। इस मौके पर प्रखंड लखनपुर के पदाधिकारियों ने बताया कि अयोध्या में भगवान राम की जन्मभूमि पर बनने वाले मंदिर के लिए आगामी 14 जनवरी से 27 फरवरी तक देशभर में निधि समर्पण महाभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान कठुआ शहर और उसके आसपास के ग्रामीण इलाकों के प्रत्येक घर में समिति जाएंगी और लोगों को भगवान राम मंदिर के निर्माण में सहयोग करने के लिए प्रेरित करेंगी, ताकि मंदिर के निर्माण में हर व्यक्ति का योगदान सुनिश्चित बनाया जा सके।