दयाला चक बिलावर सड़क पर छलां के नजदीक में टूटी स्लैब में फंसा ट्रैक्टर। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। जिले के पहाड़ी इलाकों में मूसलाधार बारिश से नदी नाले उफान पर आ गए। उज्ज और तरनाह सुबह सात बजे के लगभग देखते ही देखते खतरे के निशान को पार कर गए। कठुआ में जहां मात्र 31.5 एमएम बारिश ही दर्ज की गई तो वहीं बिलावर, बसोहली, रामकोट और महानपुर के इलाकों में इससे कई गुणा अधिक बारिश हुई। इस दौरान बारिश दो दर्जन के लगभग कच्चे मकानों को क्षति पहुंची है। बिलावर के धार डुगनू इलाके और बसोहली के दूर दराज इलाकों में ज्यादा नुकसान दर्ज किया गया है। प्रशासन नुकसान के आकलन में जुटा हुआ है। वहीं प्रभावित परिवारों को फौरी राहत के तौर पर टेंट, राशन आदि की सुविधा मुहैया करवाई जा रही है।
बरसात के मौसम में चेतावनी के बावजूद दरिया और नालों में रेत निकालने गए ट्रैक्टर और उनके साथ गए मजदूर बाढ़ की चपेट में आ गए। सुबह छह बजे के लगभग अचानक हीरानगर के तरनाह नाले का जलस्तर ऐसा बढ़ा कि मजदूरों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से इलाके से 24 लोगों को बचाया गया। जबकि तीन मजदूरों का कोई अता पता नहीं था। जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और एसडीआरएफ ने बचाव कार्य शुरू किया। दोपहर तक एक मजदूर का शव बरामद कर लिया, जिसकी पहचान रविकांत उर्फ बबलू निवासी सल्लन के रूप में हुई है। देव राज और करनैल सिंह दोनों निवासी सल्लन का देर शाम तक कोई पता नहीं चल पाया था। सर्च आपरेशन के दौरान ड्रोन की मदद भी ली गई ताकि दूर दराज इलाकों और तरनाह के किनारों को भी खंगाला जा सके।
जखोल इलाके में खड्ड के किनारे खड़े आधा दर्जन वाहन बाढ़ की चपेट में आ गए। जिनमें से एक महिंद्रा पिकअप वाहन तेज बहाव में पलट गया। इस दौरान इलाके का संपर्क घंटों कटा रहा। डीसी कठुआ राहुल पांडेय ने बताया कि बिलावर इलाके में दो बच्चों की मौत घर की छत गिरने से हुई है। वहीं तरनहा में ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर गए तीन लोग लापता हुए हैं, जिनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है। बिलावर और बसोहली के दूर दराज इलाकों में दस से पंद्रह घरों को नुकसान की जानकारी फिलहाल आई है। इनमें एक पक्का और शेेष कच्चे घर हैं। कुछ को आंशिक तो कुछ तो पूरी तरह से नुकसान पहुंचा है। महानपुर में पशुशाला गिरी है जिसमें भैंसों की मौत हुई है। बताया फौरी राहत के तौर पर टेंट मुख्यालय से भेजे जा रहे हैं। वित्तीय सहायता दी जा रही है।
जखोल के नजदीक नाले में आई बाढ़ से पलटी पिकअप। संवाद- फोटो : KATHUA
क्षतिग्रस्त महानपुर से माड़ा पट्टी को जोड़ने वाला मार्ग। संवाद- फोटो : KATHUA