हीरानगर। पश्चिमी पाकिस्तानी शरणार्थियों को सरकारी जमीनों पर मालिकाना हक की तर्ज पर सरकारी जमीनों पर दशकों से रह रहे स्थानीय लोगों को भी मालिकाना हक देने की मांग को लेकर वीरवार को लोगों ने मढ़ीन तहसील कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में शामिल किसान नेता शिवदेव सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से 1965 और 71 के वेस्ट पाकिस्तानी शरणार्थियों को सरकारी जमीनों पर मालिकाना हक देना सराहनीय कदम है, लेकिन सरकार को उन लोगों के बारे में भी सोचना चाहिए, जिन्होंने दशकों पहले जमीनों पर मेहनत कर उन्हें उपजाऊ बनाया और परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार इन लोगों की जमीनों से गिरदावरी खत्म कर छीनने का प्रयास कर रही है। इससे कई किसान परिवारों पर खतरा मंडरा रहा है। ये लोग अपने हक सुरक्षित करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं लेकिन इन पर प्रदेश प्रशासन जरा भी गंभीर नहीं है। प्रदर्शन में नेशनल कांफ्रेंस के ब्लॉक अध्यक्ष धर्मपाल कुंडल और कांग्रेस के नेता घनश्याम शर्मा आदि भी शामिल रहे।