हीरानगर। पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ शुक्रवार को यूथ कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ताओं ने सांझी मोड़ पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गाड़ियों को धकेलते हुए बहुत हुई महंगाई की मार बस करो मोदी सरकार के नारे लगाए।
प्रदर्शन में मौजूद जिला अध्यक्ष रोमी शर्मा ने कहा कि 2014 के चुनावों से पहले लोगों को अच्छे दिन का सपना दिखाने वाली मोदी सरकार आज कहां है? पहले ही कोरोना की मार झेल रहे लोगों पर महंगाई के बोझ ने लोगों की कमर तोड़ कर रख दी है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाना बनाने वाले तेल के दाम आसमान छू रहे हैं। मध्यम और गरीब वर्ग के लोगों के लिए दो वक्त की रोटी का इंतजाम करना भी मुश्किल हो रहा है। नौजवानों को रोजगार देने में भी मोदी सरकार पूरी तरह से विफल रही है। देश का युवा पढ़ लिख कर बेरोजगार घूम रहा है।
विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष गगनदीप ने कहा कि केंद्र सरकार देश के लोगों की आवाज सुनने को तैयार नहीं है। किसान अपने हक के लिए लड़ रहे हैं, नौजवान रोजगार के लिए चिल्ला रहे हैं, आम गरीब लोग बढ़ती महंगाई से तड़प रहे हैं। लेकिन, सरकार अपने अहंकार में डूबी हुई है। इस दौरान कांग्रेसी नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर महंगाई कम नहीं हुई तो यूथ कांग्रेस इसी तरह से सरकार के खिलाफ सड़कों पर विरोध प्रदर्शन करती रहेगी।
प्रदर्शन में उप जिला अध्यक्ष राहुल नंगला, हीरानगर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष रोमी अंडोत्रा, मुकेश कुमार, पंच प्रदीप शर्मा, पंच सोमराज, जिला महासचिव संजीव शर्मा, आदि शामिल रहे।