शहर में लचर सफाई व्यवस्था से लोग परेशान है। शनिवार को वार्ड 14 में गंदगी से परेशान लोगों ने नगर परिषद के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड में सफाई व्यवस्था को सुनिश्चित बनाने की मांग की। प्रदर्शन में शामिल अशोक कुमार, संजय कुमार, लता देवी आदि ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में भले ही कठुआ को 84 वां स्थान हासिल हुआ हो। लेकिन यहां की सफाई व्यवस्था सिर्फ मुख्य सड़कों तक सीमित है।
कठुआ नगर परिषद और स्थानीय पार्षद को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उनसे बात की जाती है तो उनको पास बस कुछ दिन में व्यवस्था में सुधार किए जाने का आश्वासन होता है। उन्होंने मोहल्ले की अनदेखी की जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी शहर के हर मोहल्ले में नगर परिषद द्वारा सैनिटाइज करवाया गया। लेकिन उनके मोहल्ले में ऐसी कोई कार्यवाही नगर परिषद की नहीं दिखी। गंदगी के कारण मोहल्ले में मक्खी-मच्छर की भरमार है। गलियों की खस्ता हालत के कारण छोटे बच्चों का वहां से निकलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर नगर परिषद जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं करता तो उसके खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।