कठुआ। नियमितीकरण की मांग को लेकर पांच दिवसीय धरने पर बैठे नगर परिषद के अस्थाई सफाई कर्मियों ने धरने के चौथे दिन भी प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष प्रकट किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मांगें पूरी न होने तक उनका धरना जारी रहेगा।
शनिवार को नगर परिषद कार्यालय में धरना देते हुए यूनियन के प्रधान सोमराज ने कहा कि चार दिनों से धरना दे रहे सफाई कर्मियों की अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। ऐसे में कर्मियों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सिर्फ कोरे आश्वासनों से ही सफाई कर्मियों को टाल दिया जाता है। बताया कि अस्थाई सफाई कर्मी गत 15 वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। लेकिन सरकार ने अभी तक उनके भविष्य के बारे में कुछ नहीं सोचा है। हालांकि परिषद में 52 सफाई कर्मियों के पद रिक्त पड़े हैं, लेकिन बावजूद इसके सफाई कर्मचारियों को नियमित करने का कोई प्रयास नहीं हुआ है। प्रदेश सरकार से अपील करते हुए कहा कि नई भर्तियां निकाले जाने से पूर्व परिषद के तहत कार्यरत अस्थाई सफाई कर्मियों को नियमित किया जाए। ताकि वर्षों से सेवाएं दे रहे सफाई कर्मियों को उनका हक मिल सके।