कठुआ में काम छोड़ इकाई से बाहर नारेबाजी करते श्रमिकों को समझाते हटली चौकी के प्रभारी।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। औद्योगिक क्षेत्र हटली में बिना स्वास्थ्य जांच करवाए बाहरी राज्यों से बुलाए गए मजदूरों के साथ स्थानीय श्रमिकों ने काम करने से इंकार कर दिया है। बुधवार सुबह हटली स्थित रत्न ऑयल मिल में काम कर रहे स्थानीय मजदूरों ने अपनी सुरक्षा को लेकर रोष प्रदर्शन कर मिल प्रबंधन और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मिल ने गैर कानूनी तरीके से बाहरी राज्य से कुछ मजदूर मंगवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि बिना मेडिकल चेकअप के मजदूरों को जम्मू-कश्मीर में कैसे प्रवेश मिल गया। इससे पहले भी रत्न फैक्ट्री में मजदूरों ने तनख्वाह को लेकर प्रदर्शन किया था और अब बाहर से मजदूर मंगवा लिए हैं। स्थानीय श्रमिकों ने आरोप लगाया कि मिल में गंदगी फैली हुई है और यहां सफाई व्यवस्था के अलावा सैनिटाइजेशन का कोई प्रबंध नहीं किया गया है। कोरोना महामारी के चलते प्रदेश के प्रवेशद्वार लखनपुर को पूरी तरह से सील किया गया है और सिर्फ आवश्यक वस्तुओं के अलावा पुख्ता कागजात के साथ ही लोग प्रवेश कर पा रहे हैं, लेकिन मजदूरों को पंजाब से बिना जांच कठुआ लाना कहीं न कहीं सवालिया निशान खड़े करता हैं। मजदूरों ने इस मामले की जांच के साथ कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी डॉ. शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला उनके के संज्ञान में आ चुका है, जल्द पुलिस उचित कदम उठाएगी, जांच में जो भी आरोपी पाया गया उस पर कार्रवाई की जाएगी।