हीरानगर। पांचवें सेमेस्टर में दाखिले के लिए बदले गए नियमों के विरोध में मंगलवार को गिरधारी लाल डोगरा मेमोरियल डिग्री कॉलेज के छात्रों ने हीरानगर मोड़ से तहसील मुख्यालय को जोड़ने वाली सड़क पर धरना दिया और जम्मू विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ जमकर बाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे मोहित कुमार ने कहा जम्मू विश्वविद्यालय प्रबंधन छात्र विरोधी नियम बनाने से बाज नहीं आ रहा है। उन्हें विद्यार्थियों के भविष्य की कोई परवाह नहीं है।
उन्होंने कहा जम्मू विश्वविद्यालय की ओर से 6 जून को एक नोटिस निकाला गया जिसमें सेमेस्टर 5 के दाखिले के लिए सेमेस्टर 3 में 50 प्रतिशत क्रेडिट और सेमेस्टर 4 के आंतरिक एसेस्मेंट में पास होने को मापदंड का नियम तय किया। लेकिन कुछ ही घंटों के बाद नियम को बदलकर नया छात्र विरोधी नियम बनाते हुए सेमेस्टर 1 और 2 में पास होने को अनिवार्य कर दिया गया। इस नए नियम से कई बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी और वह दाखिले से वंचित रह जाएंगे।
उन्होंने कहा जम्मू विश्वविद्यालय प्रबंधन छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर हमारी मांग पूरी नहीं हुई तो आप अपना संघर्ष और तेज करेंगे।