कठुआ। लंबे समय से लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे बरनोटी के लोगों ने बिजली विभाग से उनका ट्रांसफार्मर अपग्रेड किए जाने की मांग की है। मंगलवार को स्थानीय लोगों के शिष्टमंडल ने विभाग के कठुआ स्थित कार्यकारी अभियंता कार्यालय में अधिकारियों से मिलकर उन्हें समस्या सुनाई और जल्द समाधान की मांग की।
शिष्टमंडल में शामिल अंजू बाला ने बताया कि वे पांच सालों से लो-वोल्टेल की समस्या से जूझ रहे हैं। समस्या बैक टू विलेज कार्यक्रम के दौरान भी उठाई थी लेकिन समाधान नहीं हुआ है। तारें जर्जर होेने से जो थोड़ी बहुत वोल्टेज मिलती है वो भी बार-बार खराबी से गुल रहती है। भीषण गर्मी के इस मौसम में एसी तो दूर पंखा भी नहीं चलता है। मजबूर होकर विभाग के कठुआ कार्यालय समस्या लेकर आए हैं। जहां उन्हें बताया गया कि ट्रांसफार्मर को अपग्रेड करने के लिए कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में फिलहाल मांग है कि जर्जर तारों को तुरंत बदला जाए ताकि खराबी का सिलसिला थमे। शिष्टमंडल में शामिल शिवराज सिंह जसरोटिया ने बताया कि करीब एक दशक पहले स्थापित किया गया 100 केवीए ट्रांसफार्मर अब उनके इलाके में बिजली की आपूर्ति को बनाए रखने में सक्षम नहीं है, क्योंकि मौजूदा समय में तो वहां 100 से ज्यादा घर हैं। इसके अलावा बीडीओ ऑफिस व कई अन्य व्यवसायिक संस्थान को बिजली की आपूर्ति इसी ट्रांसफार्मर से की जा रही है। इससे मिलने वाली वोल्टेज इतनी कम होती है कि घरों में लगाए गए उपकरण नाकारा हो चुके हैं। उम्मीद है कि जल्द समस्या का समाधान हो जाएगा। इस मौके पर बोध राज, संध्या देवी, रीता देती, बिशनो देवी सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।