पडयारी पंचायत की एससी बस्ती के लोगों को सड़क और पानी की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। इससे नाराज स्थानीय लोगों ने सोमवार को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि रियासत की सरकार उनके साथ पक्षपात कर रही है। यही वजह है कि आज भी जहां हर मोहल्ले के लोगों को सड़क, पानी, बिजली की सुविधा मिली है, वहीं उनके मोहल्ले के लोग आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे अशरफ अली ने कहा कि कई बार विभाग से पानी की समस्या दूर करने के लिए कहा गया, लेकिन विभाग ने अभी तक पानी की समस्या दूर नहीं हो पाई है।
इसके कारण लोगों को भारी दिक्कतों से दो-चार होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गांव वालाें को पानी के लिए दूसरी बस्ती में जाना पड़ता है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गांव में ट्यूबवेल है, लेकिन विभाग को कई बार कहने के बाद भी बस्ती को कनेक्शन नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि विभाग ने पाइपें भी बिछा दीं, लेकिन घरों में कनेक्शन न देने से लोग आज भी पानी के लिए परेशान हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों में शामिल मिर्जा खान, जेबरा बेगम, मोहम्मद जावेद, रियाज अहमद, मोहम्मद जमील आदि ने कहा कि लोगों को सड़क सपर्क मार्ग के लिए भी भारी दिक्कतों से दो चार होना पड़ रहा है।
जंगलोट ईस्ट से प्राप्त कोट तक सड़क मार्ग बनाने की मांग विभाग से की गई, लेकिन विभाग ने अभी तक सड़क का काम शुरू नहीं करवाया है। उन्होंने कहा कि सड़क मार्ग के लिए पैसे सैंक्शन हो गए हैं, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है। ऐसे में दोनों मांगों को पूरा किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।