मरोली क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र के मुख्य द्वार के समक्ष ग्रामीणों ने रविवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और प्रदूषण फैला रही इकाइयों के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कुछ इकाइयों से दूषित पानी बाहर छोड़ा जा रहा है जिसके चलते एक तो आसपास के खेतों पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है वहीं मवेशी पानी पीने से बीमार हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों में मनोहर लाल, दीपक कुमार, रमेश कुमार आदि ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की लचर कार्यप्रणाली के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यहां इकाइयां प्रदूषण फैला रही है। कुछ इकाइयां गंदा पानी बिना ट्रीटमेंट प्लांट के लिए डिस्चार्ज कर रहे हैं जिसके चलते पानी से बदबू एवं प्रदूषण की समस्या उत्पन्न हो रही है।
उन्होंने कहा कि इकाइयों से सटे खेत भी हैं जिनकी उर्जा शक्ति पर असर पड़ रहा है और कई मवेशी नाले का प्रदूषित पानी पी लेते हैं और बीमार पड़ जाते हैं।
उन्होंने कहा कि पहले भी मवेशी बीमार हुए थे। उन्होंने कहा कि समस्या से प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व प्रशासन भी भली भांति परिचित है लेकिन समस्या के उचित समाधान को लेकर कोई प्रयास नहीं कर रहा।
जिसके चलते लोगों को मजबूर होकर प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी समस्या का समाधान जल्द न किया गया तो वह आंदोलन के लिए मजबूर हो जाएंगे।