महरोली में मकान मालिक द्वारा घर से निकाले गए किराए पर रह रहे परिवार सामान के साथ।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। कठुआ के महरोली गांव में किराए पर रह रहे चार परिवारों को मकान मालिक ने घर से निकाल दिया है। इन चार परिवारों के करीब 29 लोग सड़क पर आ गए हैं। इन्होंने प्रशासन से घर पहुंचाने की गुहार लगाई। चारों परिवारों के लोग डोडा के रहने वाले हैं और कठुआ के मरोली स्थित एक फैक्टरी में करम करते हैं।
मकान मालिक द्वारा घर से निकाल देने पर सड़क पर बैठी डोडा निवासी नसीमा बेगम ने बताया कि लॉकडॉउन के चलते फैक्टरी में कामकाज बंद हो गया है। वे लोग किराए के मकान में रह रहे थे, जिसके लिए ठेकेदार ने तीन महीने का किराया एडवांस में ले लिया है। बावजूद इसके मकान मालिक ने दुर्व्यवहार करके उन्हें घर से निकाल दिया है।
बरकत अली ने बताया कि वे बीते छह माह से यहां किराएदार रह रहे थे, लेकिन सोमवार रात मकान मालिक ने उन्हें घर से निकल जाने को कहा दिया। हालांकि उनसे 27 मई तक का किराया लिया गया है। बताया कि लॉकडाउन के चलते कठुआ पुलिस की ओर से उन्हें खाना उपलब्ध करवाया जा रहा था, लेकिन घर जाने की अनुमति के लिए उन्हें जिला उपायुक्त से मिलने नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में मकान मालिक द्वारा घर से निकाले जाने पर वे सड़क पर आ गए हैं। सड़क पर बैठे लोगों ने प्रशासन से गुहार लगाई कि उनके पास घर लौटने का कोई साधन नहीं है और न ही उनके पास पैसे हैं, ऐसे में प्रशासन उन्हें घर पहुंचाने के इंतजाम करे।