लखनपुर में प्रबंधों का जायजा लेते डीसी ओपी भगत।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। जिले के लोगों के लिए राहत की खबर है। जिले में अब तक कोरोना से संदिग्ध लोगों के भेजे गए 57 में से 52 के सैंपल निगेटिव पाए गए हैं। अब पांच लोगों की रिपोर्ट का इंतजार है। सीएमओ डॉॅ. अशोक चौधरी ने बताया कि लोग घबराएं नहीं अभी तक जिले में कोरोना वायरस का कोई मामला पॉजिटिव नहीं आया है। लोग घरों में रहकर लॉकडाउन का पालन करें और अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखें। हम आपस में दूरी बनाकर कोरोना वायरस को फैलने से रोक सकते हैं और कठुआ के लोग इसमें बेहतरी से सहयोग भी दे रहे हैं। संदिग्ध लोगों की क्वारंटीन अवधि अभी जारी रहेगी। जांच के लिए भेजे गए सैंपलों में बीरू चक गांव के उन छह लोगों की रिपोर्ट भी शामिल हैं, जो सांबा के कोरोना पीड़ित सैनिक के संपर्क में आए थे। दो दिन पहले ही बीरू चक गांव को प्रशासन ने एहतियातन सील कर दिया गया था और कई लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया है। इस गांव में सांबा जिले से पॉजीटिव आए सैनिक का ससुराल है, जहां वह पिछले दो सप्ताह में दो बार आया था। ऐसे में मामले को बेहद संवेदनशील माना जा रहा था। उधर, पॉजीटिव पाए गए व्यक्ति के संपर्क में आए बरनोटी के तीन अन्य लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट आनी बाकी है। मंगलवार को भी बीरू चक गांव में प्रतिबंध पूरी तरह से लागू रहे। ग्रामीणों को गांव की गलियों से बाहर आने की अनुमति नहीं दी जा रही है और सख्ती लागू कर दी गई है। पुलिस भी लगातार गांव में गश्त कर रही है। उधर, लखनपुर में भी सुरक्षा प्रबंधों का लगातार उच्चाधिकारी जायजा ले रहे हैं। बाहरी राज्यों में फंसे लोगों को वापस लाने के इंजताम किए जा रहे हैं।