संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। राजकीय डिग्री कॉलेज महानपुर की ओर से एड्स जागरूकता पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने एचआईवी के प्रसार को रोकने सहित पीड़ित लोगों के स्वास्थ्य में सुधार का संदेश देते विभिन्न पोस्टर बनाए।
प्रतियोगिता में मोनिका, अजय, प्रीति और शिखा के पोस्टरों को सराहा गया। जिसके बाद पहले तीन विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ. संगीता सूदन के मार्गदर्शन और रेड रिबन क्लब की संयोजक डॉ. सपना देवी की ओर से किया गया। इसके अलावा हिंदी विभाग की ओर से सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य पर पैनल चर्चा करवाई गई। जिसमें चौथे सेमेस्टर की मोनिका, छठे सेमेस्टर के विशाल सिंह और मोसिन शेख ने भाग लिया। 40 विद्यार्थियों सहित संकाय सदस्य कार्यक्रम में मौजूद रहे।