कठुआ। पोस्ट ऑफिस की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक के लिए डाक विभाग ने डाक चौपाल का आयोजन किया।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता पोस्ट मास्टर कठुआ नीरू संब्याल ने की। उन्होंने बताया कि डाक विभाग भारत सरकार के निर्देश के बाद जिले में डाक चौपाल का आयोजन किया गया है। इसकी शुरुआत जिला कठुआ से हुई है। इसके बाद जम्मू-कश्मीर के हर जिले में आयोजन कर लोगों को डाक सेवाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।
सहायक डाक अधिकारी पंकज कुमार ने डाक चौपाल का आयोजन करने के उद्देश्य के साथ ही डाक विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाएं भारतीय पोस्ट पेमेंट बैंक, सुकन्या समृद्धि योजना व पासपोर्ट ऑफिस, आधार अपडेशन आदि के बारे में जानकारी लोगों से साझा की। उन्होंने कहा कि इस चौपाल का मकसद न केवल लोगों को डाक विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी देना है, बल्कि इन योजनाओं में आ रही समस्याओं को हल करना भी है। वहीं, सहायक डाक अधिकारी प्रदीप कुमार ने बैंकिंग सेवाएं को लेकर अपनी बात रखी। बैंक प्रबंधक राकेश काटल ने भारतीय पोस्ट पेमेंट बैंक की सेवाओं के बारे में जानकारी सांझा की। इस मौके पर जम्मू कश्मीर पूर्व सैनिक कल्याण संघ के अध्यक्ष ज्ञान सिंह पठानिया, डीडीसी उपाध्यक्ष कठुआ रघुनंदन सिंह, वरिष्ठ अधीक्षक डाकघर जम्मू संभाग अंकुश भगत आदि मौजूद रहे।