रामकोट। लाखड़ी में आयोजित हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट विभाग की ओर से मिशन लाइफ पर केंद्रित प्रदर्शनी का मंगलवार को अंतिम दिन रहा। जिला स्तरीय इस प्रदर्शनी में दूसरे दिन भी बसोहली की पश्मीना शॉल और मफलर से लेकर पट्टू, स्थानीय ऊन से बने शॉल और महिलाओं के लिए कुर्ते आदि आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे।
इस मौके पर मुख्य अतिथि जिला विकास परिषद सदस्य नगरोटा नारायण दत्त त्रिपाठी मौजूद रहे। उन्होंने राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल नगरोटा के विद्यार्थियों को मिशन लाइफ के अंतर्गत ऊर्जा व जल की बचत, सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने, सतत खाद्य प्रणालियों को अपनाने, अपशिष्ट कम करने, स्वस्थ जीवन शैली अपनाने और ई-वेस्ट को कम करने के विषय में बताया। साथ ही लोगों से आह्वान किया कि वे पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली को अपनाएं, जिससे पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके। इस अवसर पर पहुंचे कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कीं। इसके साथ स्कूल की छात्राओं ने मंच पर डोगरी गानों के साथ कार्यक्रम को चार चांद लगाए। राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य कृष्ण लाल शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का इस प्रकार से उपभोग किया जाए, जिससे भविष्य की पीढि़यों को किसी संसाधन की कमी न हो व स्वच्छ पर्यावरण मिल सके।