संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। श्री रघुनाथ मंदिर, लाखड़ी (बिलावर) में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में परम पूज्य श्री सुभाष शास्त्री जी महाराज के सान्निध्य में गुरु पूजन, आरती एवं सत्संग का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया। महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं ने गुरु महिमा का गुणगान करते हुए गुरु वंदना की तथा आध्यात्मिक प्रवचनों का श्रवण किया। आयोजन में महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों सहित हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
इस अवसर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान का संदेश भी दिया गया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक होने का आह्वान किया गया। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए समाज में आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।