कठुआ। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह को एक बार फिर उधमपुर लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद कठुआ के घाटी में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की ओर से ढोल बजाकर खुशी का इजहार किया गया। इस दौरान मिठाइयां भी बांटी गईं। सरपंच बिक्की शर्मा, इंद्रजीत, सतपाल और राकेश कुमार ने बताया कि भाजपा आलाकमान ने डॉ. जितेंद्र सिंह को तीसरी बार डोडा-उधमपुर-कठुआ लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कहा कि लोगों से अपील की जा रही है कि वे डॉ. जितेंद्र सिंह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में मतदान करें ताकि इस बार जीत का मार्जिन साढ़े 3 लाख की बजाय साढ़े 5 लाख हो। इससे पता चलेगा कि डॉ. जितेंद्र सिंह ने अपने लोकसभा क्षेत्र में कितनी तेजी के साथ विकास करवाया है। उन्होंने कहा कि केवल उधमपुर ही नहीं, बल्कि लखनपुर से लेकर बनिहाल तक कई ऐसे प्रोजेक्ट आए हैं, जिससे जम्मू-कश्मीर के हालात बदल दिए हैं। उन्होंने बताया कि कठुआ जिले में ही इंडस्ट्रियल सेटअप लगा, बायोटेक पार्क, इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में आईआईएम, आईआईटी सहित कई बड़े संस्थान बनकर तैयार हैं, जो कि मोदी सरकार की विकसित भारत की मंशा के खुद गवाह हैं। उन्होंने कहा कि अब देश के बड़े कारोबारी कठुआ सहित जम्मू-कश्मीर के विभिन्न इलाकों में निवेश करने के लिए आ रहे हैं। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डॉ. जितेंद्र सिंह की नीतियों की बदौलत संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि रोजगार काबिलियत के दम पर मिलता है। जिन लोगों में काबिलियत है, वह लोग रोजगार हासिल कर सकते हैं। कांग्रेस केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करना जानती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कांग्रेस के भ्रम में आने की बजाय भाजपा के कार्यकाल में हुए विकास को देखते हुए वोट करें।