कहा-भाजपा चुनावों के लिए तैयार, कार्यकर्ता हर घर जाकर जनकल्याणकारी नीतियों का करें प्रचार
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनपुर। भाजपा नेता व प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता ने शनिवार को लखनपुर में भाजपा के पूर्व पार्षदों व स्थानीय निकाय चुनाव के प्रत्याशियों से बैठक की। जिला अध्यक्ष गोपाल महाजन की अध्यक्षता में हुई बैठक में लखनपुर, हीरानगर व नगरी नगरपालिका समेत कठुआ नगरपरिषद से भाजपा के पूर्व पार्षद व पार्षद का चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों से आगामी लोकसभा चुनावों पर चर्चा की गई।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने बताया कि भाजपा चुनावों को लेकर तैयार है। कार्यकर्ता हर घर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रचार करें। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश बुलंदियों की तरफ बढ़ रहा है। इसी विकास की राह में जम्मू-कश्मीर में आगे चल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने जो कार्य जम्मू-कश्मीर में किए हैं वो ऐतिहासिक हैं। आज जम्मू-कश्मीर का हर नागरिक विकास और प्रगति की राह पर अग्रसर है। जिला अध्यक्ष गोपाल महाजन ने कार्यकर्ताओं को बताया कि जिन पार्षदों ने अपने कार्यकाल में अपने क्षेत्र के विकास के लिए काम किया है वो आगे भी जारी रखें। चुनाव का प्रसार और प्रचार शहर से शुरू होकर की गांवों में जाता है। हर कार्यकर्ता का दायित्व है कि वे पार्टी की जनहित की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें। इस मौके पर कुछ लोगों ने भाजपा का दामन थामा, जिसका स्वागत पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता ने किया। इस मौके पर भाजपा नगर निकाय सेल के संयोजक पवन सिंह, हेल्थ एंड मेडिकल सेल के स्टेट कनवीनर पुनीत महाजन व अन्य नेता मौजूद रहे।