संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। तरनाह नाले में शनिवार को दूसरे अस्थायी वैकल्पिक मार्ग की मरम्मत का काम भी पूरा हो गया। शाम ढलने के बाद यहां से बड़े मालवाहकों की आवाजाही शुरू हो गई, जिसके बाद आम लोगों और मालवाहक चालकों ने राहत की सांस ली। अब माल वाहक तरनाह नाले से सीधा गुजर सकेंगे।
पिछले सप्ताह बारिश की वजह से नाले में बने दोनों अस्थायी वैकल्पिक मार्ग बह गए थे। इसके बाद बड़े वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। बड़े माल वाहकों को चड़वाल व लौंडी से ओल्ड सांबा-कठुआ सड़क पर परिवर्तित किया जा रहा था। इसकी वजह से इन वाहन चालकों को दो से तीन किलोमीटर सफर की जगह 20 से 25 किलोमीटर सफर तय करना पड़ रहा था। इसी के साथ यातायात परिवर्तित किए जाने से लौंडी और चड़वाल में आम लोगों को भारी जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन अब नाले से दोनों तरफ से बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू होने के बाद वाहन चालकों और आम लोगों को बड़ी राहत मिली है। बता दें कि वीरवार को क्षेत्र के उद्योगपति राज शर्मा के नेतृत्व में कुछ लोग एक्सप्रेस वे का निर्माण कर रही कंपनियों के अधिकारियों से मिले और विकल्प मार्ग की मरम्मत की मांग की, जिसके बाद यह काम दो दिन में पूरा कर लिया गया।