कहा-रोजगार देने वाले कानून में बदलाव अस्वीकार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। मनरेगा योजना में किए गए बदलावों के खिलाफ कांग्रेस का विरोध लगातार जारी है। वीरवार को पार्टी ने मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत नगरी मढ़ीन में धरना दिया। इसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने विरोध दर्ज कराया।
जिला प्रधान पंकज डोगरा ने कहा कि ग्रामीणों को 100 दिन का गारंटी रोजगार देने वाले कानून को समाप्त कर इसे केवल योजना का रूप दे दिया गया है। उन्होंने इसे ग्रामीण जनता के साथ सीधा अन्याय करार देते हुए कहा कि पहले से ही देश में बेरोजगारी का आलम है और ऐसे समय में रोजगार देने वाले कानून में बदलाव अस्वीकार्य है।
पूर्व वनमंत्री चौधरी लाल सिंह ने कहा कि मनरेगा बचाओ संग्राम अब ब्लॉक स्तर तक पहुंच चुका है। इसमें पार्टी न केवल विरोध दर्ज कर रही है बल्कि लोगों को जागरूक कर एकजुट भी कर रही है ताकि रोजगार की गारंटी देने वाले इस सशक्त कानून को बचाया जा सके।धरने में पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता, राकेश चौधरी, जतिंदर सिंह पप्पू, राबिन शर्मा, बीएल कांडले, अमरनाथ डोगरा सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।