-पुलिस मार्टियर्स नार्थ जोन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता: दो मुकाबले खेले गए, होशियारपुर के गेंदबाज कमल व नई दिल्ली के बल्लेबाज दीपेश बाल्यान मैच ऑफ द मैच घोषित
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला खेल स्टेडियम में पुलिस मार्टियर्स नार्थ जोन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के 13वें संस्करण के अंतर्गत शुक्रवार को दो मुकाबले खेले गए। पहला मैच साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर ने और दूसरा मैच लाल बहादुर शास्त्री क्रिकेट अकादमी नई दिल्ली के नाम रहा।
सुबह के सत्र में पहला मैच साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर और आनंदपुर इलेवन टीम के बीच खेला गया। साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने मैदान में उतरी आनंदपुर इलेवन टीम को कसी हुई गेंदबाजी का सामना करना पड़ा। एक के बाद एक विकेट गिरने के कारण पूरी टीम 18.3 ओवर में 62 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। आनंदपुर इलेवन के सोमबीर ने 11 गेंदों पर सर्वाधिक 15 रन बनाए, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था।
63 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर की टीम ने 12.4 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। बल्लेबाज मोहित ने 22 गेंदों पर 24 रन बनाए, जिसमें तीप चौके और एक छक्का शामिल रहा। साबी क्रिकेट क्लब के सबसे सफल गेंदबाज कमल रहे। चार ओवर में 11 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट लेने पर उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दूसरा मैच लाल बहादुर शास्त्री क्रिकेट अकादमी नई दिल्ली और जीएसआई टाइगर्स कश्मीर टीम के बीच खेला गया। नई दिल्ली की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वहीं, पहले बल्लेबाजी करते हुए जीएसआई टाइगर्स कश्मीर टीम ने 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाए। मुख्य स्कोरर आदिल रहे, जिन्होंने 38 गेंदों पर तीन छक्के और चार चौकों की मदद से 57 रन बनाए।
149 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लाल बहादुर शास्त्री क्रिकेट अकादमी नई दिल्ली की टीम ने 18.2 ओवर में आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। दीपेश बाल्यान ने 36 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 57 रन बनाए और नाबाद रहे। नई दिल्ली की टीम ने जीएसआई टाइगर्स कश्मीर को सात विकेट से शिकस्त दी। दीपेश बाल्यान को शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।