संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला पुलिस ने खोए हुए आई-फोन सहित 40 मोबाइल फोन बरामद कर शिकायतकर्ताओं को लौट दिए हैं। जिला पुलिस के अनुसार इन मोबाइल फोनों की कीमत 8 लाख 16 हजार थी। जिनकी गुमशुदगी की शिकायत जिला पुलिस के विभिन्न थानों में दर्ज करवाई गई थी।
हालांकि पुलिस ने यह नहीं बताया कि यह सारे फोन किससे बरामद किए गए हैं। सोमवार को जिला पुलिस लाइन में जिला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शोभित सक्सेना की मौजूदगी में इन फोनों को उनके मालिकों को लौटा दिया गया। सभी मोबाइल फोन जिला कठुआ, जम्मू और उधमपुर के अलावा पंजाब राज्य से भी बरामद किए गए हैं। इन फोनों को बरामद करने के लिए जिला साइबर सेल ने अहम भूमिका निभाई। इसके लिए जिला पुलिस अधीक्षक ने जिला साइबर सेल के अधिकारियों की सराहना की।
इस मौके पर जिला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल चाढ़क, डीएसपी डीएआर कठुआ सुभाष चंद्र और अन्य अधिकारियों भी मौजूद रहे। बता दें कि जिला पुलिस अब तक खोए हुए 20 लाख की लागत के 176 मोबाइल बरामद कर शिकायतकर्ताओं को वापिस दिला चुकी है।