कठुआ। कठुआ के शीतलनगर निवासी महिला पशुपालक कीर्ति शर्मा ने मंगलवार को जम्मू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वार्ता की। इस दौरान उन्होंने बताया कि किस तरह सरकारी योजनाओं से उनके जीवन स्तर में बदलाव आया। वहीं, प्रधानमंत्री ने कीर्ति शर्मा की जमकर तारीफ की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह देश के सेल्फ हेल्प ग्रुपों से जुड़ी तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाना चाहते हैं। उन्होंने कीर्ति से पूछा कि वह किस तरह उनकी मदद करेंगी। इस पर कीर्ति ने कहा कि जिले की 5870 महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुपों से जुड़ी हैं। वह उन सबको लखपति दीदी बनाने में आपका सहयोग करेंगी। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कीर्ति के जज्बे की सराहना की। कीर्ति ने प्रधानमंत्री मोदी के सवाल के जवाब में कहा कि उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर अपना रोजगार शुरू किया, जिसमें वह सफल हुईं। उसके बाद उन्हाेंने अपने साथ आठ अन्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग किया। प्रधानमंत्री को कीर्ति ने बताया कि वह मुद्रा योजना के अलावा, आवास योजना, जलजीवन योजना, आयुष्मान कार्ड, लाडली योजना और उज्जवला योजना की लाभार्थी हैं। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने उनका हौसला बढ़ाया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कभी सोचा नहीं था प्रधानमंत्री से मिल पाऊंगी
कठुआ लौटीं कीर्ति ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह प्रधानमंत्री से मिल पाएंगी। आज उनका अपना सच हो गया। कीर्ति ने कहा कि पहले थोड़ी घबराहट थी लेकिन प्रधानमंत्री मोदी को सामने देख सारा डर खत्म हो गया। उन्होंने प्रधानमंत्री के सभी सवालों के जवाब दिए। कीर्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलकर उनका हौसला बढ़ा है। अब वह अधिक उत्साह से काम करेंगी और अन्य महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगी।