- मैदान और पिच तैयार करने का काम अंतिम चरण में, 18 दिसंबर से शुरू होगी प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला खेल स्टेडियम में होने वाली पुलिस माॅर्टियर्स टी-20 नॉर्थ जोन क्रिकेट चैंपियनशिप की तैयारियां जोरशोर से जारी हैं। मैदान व पिच को तैयार करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार सभी गतिविधियां अंतिम चरण में हैं। तीन से चार दिन के भीतर इन्हें पूरा कर लिया जाएगा।
आगामी 18 दिसंबर से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। मैदान पर चल रही तैयारियों के संबंध में शहीद वेलफेयर कमेटी के अध्यक्ष रविंद्र सलाथिया ने बताया कि खेले जाने वाले सभी 32 मुकाबलों को बेहतरीन बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाते रहे हैं। इसमें लगातार सुधार हो रहा है। पिछली बार अमृतसर से लाई मिट्टी से बनी पिच हुए मुकाबलों को देखते हुए इस बार भी उसी मिट्टी से तीनों पिचों को तैयार किया जा रहा है।
अब सिर्फ रोलिंग के स्तर का काम बचा है। वहीं मैदान से अतिरिक्त घास को हटाया जा चुका है। अब पानी डाल कर मैदान को हरा किया जा रहा है। इस दौरान जहां भी मैदान असमतल पाया जा रहा है उसे बराबर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि प्रतियोगिता के लिए ऐसा मैदान तैयार हो जो बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों को समान अवसर प्रदान करे। ताकि यहां होने वाले वाले मुकाबलों में रोमांच देखने को मिले जिसकी अपेक्षा से दर्शक उमड़ते हैं।