मंगलवार को नाज स्थित हनुमान शिला में पूजा के लिए पहुंचे भक्त
प्राचीन हनुमान शीला के पास पहुंचकर की पूजा-अर्चना
बिलावर। ज्येष्ठ मंगलवार को बिलावर के नाज स्थित हनुमान धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। विभिन्न इलाकों से आए हनुमान भक्तों ने प्राचीन हनुमान शीला के पास पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
मंगलवार सुबह से ही फिंतर, टील्ला, सुकराला, किशनपुर, देवल, पल्लन, परनाला सहित कई क्षेत्रों से श्रद्धालु हनुमान धाम पहुंचने लगे। यह क्रम दोपहर 12 बजे तक लगातार जारी रहा। श्रद्धालुओं ने लड्डू, देसी घी के रोट और फल अर्पित कर बजरंगबली का गुणगान किया और हनुमान चालीसा पाठ एवं राम नाम का सुमिरन किया।
स्थानीय निवासी गिरधारी लाल, ओमप्रकाश और मंजू शर्मा ने बताया कि प्राचीन हनुमान शीला के पास सच्चे मन से पूजा करने वाले भक्तों के सभी कष्ट दूर होते हैं। उन्होंने कहा कि हर मंगलवार और शनिवार को हनुमान धाम में भक्तों की भीड़ रहती है, लेकिन ज्येष्ठ मंगलवार का विशेष महत्व होने के कारण इस दिन श्रद्धालुओं कई गुना अधिक होते हैं। संवाद