कठुआ। प्रयागराज में जारी महाकुंभ को लेकर जिले के धर्मप्रेमियों में भारी उत्साह है। वीरवार को कठुआ जिले से 150 श्रद्धालुओं का जत्था प्रयागराज के लिए रवाना हुआ। सड़क मार्ग से जाने वाले श्रद्धालुओं के जत्थे को विधायक डॉ. भारत भूषण ने रवाना किया।
जीवनदायिनी गंगा मां के जयघोष के बीच विधायक ने रवाना होने वाले भक्तजनों को बधाई देते हुए कहा कि यह सौभाग्य का क्षण है कि उन्हें प्रयागराज में त्रिवेणी स्नान के साथ संत-महात्माओं के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा। उन्होंने सभी भक्तों से वहां कठुआ सहित पूरे देश के लिए प्रार्थना करने की अपील की। श्रद्धालुओं में जोश देखते ही बनता था। वहीं, यात्रा के आयोजक आदियोगी गौतम महाराज ने बताया कि सड़क मार्ग से की जाने वाली इस छह दिनों की यात्रा में उनके साथ कठुआ जिला के अलावा सांबा जिला के श्रद्धालु शामिल हैं।
बताया कि ये श्रद्धालु वृदांवन दर्शन करते हुए प्रयागराज पहुंचेंगे। जहां त्रिवेणी स्नान के बाद उन्हें संत-महात्माओं का सानिध्य प्राप्त होगा। वहां से वापसी में सभी श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुंचेंगे, जहां भक्त वत्सल व मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के दर्शन कर वापस पहुंचेंगे।