बिलावर। यातायात विभाग ने कस्बे के मुख्य बस स्टैंड पर वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया। जिला ट्रैफिक अधिकारी इंस्पेक्टर आवाज परवेज ने वाहनों के चालकों को गंभीरता से नियमों का पालन करने की अपील की।
अधिकारी ने कहा कि कटली, धार डूगनु और मछेडी लिंक मार्गों पर चलने वाले यात्री वाहन ओवरलोडिंग ना करें। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने वाहन चालकों को वाहन चलाते समय पूरे दस्तावेज साथ रखने की हिदायत दी। अधिकारी ने कहा कि अगर कोई भी वाहन चालक ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी ने कहा कि अगर कोई वाहन चालक या कंडक्टर यात्रियों से अधिक किराया वसूलता है या ओवरलोडिंग करता है और यात्रियों से अभद्र भाषा का प्रयोग करता है तो लोग इसकी शिकायत यातायात विभाग के हेल्पलाइन नंबर 112 पर कर सकते हैं। संवाद