बिलावर। लोहाई मल्हार और डूगैन ब्लॉक के लोगों को जल्द इलाके में ट्रॉमा सेंटर की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। यह बात बनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. रामेश्वर सिंह ने बुधवार को मछेडी गांव में आयोजित किए गए जनता दरबार को संबोधित करते हुए कही।
विधायक की अध्यक्षता में मछेडी गांव मे जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस मौके पर अलग-अलग विभागों के तहसील स्तर के अधिकारी और बनी विधानसभा क्षेत्र की अलग-अलग पंचायतों के लोग मौजूद रहे। लोगों ने विधायक से इलाके में पेयजल की किल्लत, सरकारी स्कूलों में स्टाफ की कमी, स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव, बिजली के बिलों में बढ़ोतरी और लोहाई मल्हार इलाके को जोड़ने वाली सड़कों की दयनीय दशा के बारे में बताया। लोगों ने मांग की के बिलावर से मछेडी,डूगैन ब्लॉक को जोड़ने वाली सड़कों की मरम्मत करवा कर सड़कों पर तारकोल बिछाया जाए।
इसके साथ ही सरकारी स्कूलों मे रिक्त पड़े अध्यापकों के पदों को भर जाए जिस इलाके के विद्यार्थी सही तरीके से पढ़ाई कर सकें। विधायक ने कहा कि लोगों की ओर से उठाई गई समस्याओं को संबंधित विभागों के उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर समस्याओं का हल करवाया जाएगा इस मौके पर मौजूद अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को विधायक ने इलाके में चल रहे विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके के पर मौजूद एडीसी बिलावर विनय खोसला ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों को पेश आने वाली समस्याओं का समाधान करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा इस मौके पर एसडीपीओ सुखबीर सिंह, तहसीलदार अनिल कुमार और अलग-अलग विभागों के तहसील स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।