हीरानगर। गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर रघुनाथपुरा में कांग्रेस के जिला सचिव रमेश कुंडल के नेतृत्व में लोगों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा डॉ. भीम राव आंबेडकर के अपमान के लिए गृहमंत्री माफी मांगें और पद से इस्तीफा दें।
जिला कांग्रेस सचिव ने कहा कि लोकसभा में गृहमंत्री ने बाबा साहेब को अपमानित किया है, उससे देश के करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। खासतौर पर संविधान में जिन वर्गों को समानता का अधिकार मिला है कहीं न कहीं उन्हें भी नीचे दिखाने का प्रयास किया गया है। इसलिए गृहमंत्री को देश के लोगों से माफी मांगते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब तक गृहमंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, आगे भी प्रदर्शनों का सिलसिला जारी रहेगा। प्रदर्शन में शुभम थापा, पूरन चंद, सुमन लता, आशा देवी, आशा रानी, नीलम कुमारी आदि भी शामिल रहे।