हीरानगर। बढ़ती बिजली कटौती के खिलाफ बुधवार को कस्बे के लोगों ने तहसील कार्यालय के बाहर विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि अगर बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले समय में वह विभाग के कार्यालय का घेराव करेंगे।
प्रदर्शन में शामिल स्थानीय निवासी धीरज गुप्ता ने कहा कि जहां एक तरफ विभाग स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को तेज कर रहा है वहीं दूसरी तरफ विभाग लोगों को पर्याप्त बिजली देने में असफल साबित हो रहा है। विभाग को स्मार्ट मीटर से पहले बिजली सप्लाई व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए। कस्बे में घंटों बिजली कटौती हो रही है। एक तो सर्दी का मौसम है तो वहीं दूसरी तरफ विद्यार्थियों की परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं जिसकी तैयारी वह कर रहे हैं। बिजली कटौती आम लोगों को तो परेशान कर ही रही है, बच्चों की पढ़ाई को भी प्रभावित कर रही है। बेहतर होगा कि विभाग समय रहते व्यवस्था में सुधार करे अन्यथा संघर्ष को तेज करना पड़ेगा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द बिजली कटौती का सिलसिला बंद नहीं हुआ तो कस्बे के लोग एकजुट होकर विभाग के कार्यालय का घेराव करेंगे, जरूरत पड़ी तो कार्यालय पर ताला भी जड़ेंगे। प्रदर्शन में नीरज गुप्ता, प्रदीप कुमार, कुलदीप कुमार आदि शामिल रहे।