- चोरी हुए तीन गोवंश लोगों ने किए बरामद, सूचना देने के बाद भी कार्रवाई न होने पर पुलिस के खिलाफ फूटा गुस्सा
- सीडीपीओ बॉर्डर ने दो दिन का समय मांगा, विधायक की चेतावनी-दो दिन में कार्रवाई न हुई तो जो निर्णय जनता लेगी, वह उसके साथ खड़े होंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। सीमावर्ती गांव मुकंदपुर, सोत्रे चक से चोरी हुए गोवंश लोगों द्वारा बरामद करने के बाद भी पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने से गुस्साए ग्रामीणों ने सांझी मोड़ में मंगलवार को यातायात अवरुद्ध कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में विधायक भी शामिल हुए और चेतावनी दी कि अगर दो दिन में कार्रवाई न हुई तो लोग जो फैसला लेंगे, वह उनके साथ खड़े होंगे।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लोगों के पशु चुराकर उनकी तस्करी की जा रही है, लेकिन पुलिस इस पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं कर रही। प्रदर्शन में शामिल पूर्व सरपंच बिट्टू सैनी ने बताया कि रविवार रात क्षेत्र से तीन गोवंश चोरी हुए। सोमवार सुबह लोगों ने मिलकर तलाश शुरू की। खेतों से गुजरते हुए पशुओं के पैरों के निशान देखे तो उनका पीछा करते हुए महेशे चक में विशेष समुदाय के एक कुल्ले से गोवंश बरामद किए। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना मढ़ीन पुलिस चौकी में दी लेकिन पुलिस ने कोई उचित कार्रवाई नहीं की और न ही किसी को गिरफ्तार किया। इसके बाद लोगों को सड़क जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करनी पड़ी।
युवा सामाजिक कार्यकर्ता अजय भारती ने कहा कि जहां से गोवंश को बरामद किया गया है, वहां पशु और नशा तस्करी निरंतर जारी है। पहले भी लोग पुलिस और प्रशासन को इस बारे में बता चुके हैं लेकिन फिर भी उनमें कानून का खौफ नहीं है। प्रदर्शन में विधायक विजय शर्मा भी पहुंचे और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से बात की। कहा कि पशु और नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अफसोस की बात है कि जो काम पुलिस को करना चाहिए, वह जनता कर रही है और उसके बाद भी पुलिस सहयोग नहीं कर रही।
इस पर सीडीपीओ बॉर्डर धीरज कटोच ने विधायक और लोगों को आश्वासन दिया कि मामले में जल्द कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसके लिए उन्हें दो दिन का वक्त दिया जाए। इसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हट गए। विधायक ने चेतावनी दी कि अगर दो दिन के भीतर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो फिर जो लोगों का फैसला होगा, वह उस फैसले के साथ खड़े होंगे। इससे पहले करीब डेढ़ घंटे तक यातायात अवरुद्ध रहने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात व्यवस्था सुचारु करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी ।प्रदर्शन में पूर्व सरपंच रवि शर्मा, पूर्व सरपंच प्रीतम सिंह, झंडा सिंह, श्याम सुंदर शर्मा आदि शामिल हुए।