हीरानगर। कस्बे में चल रहे बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने के काम के चलते लोगों से सर्विस लाइन के लिए तार मंगवाने पर हीरानगर डेवलपमेंट फोरम के सदस्यों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मीटरिंग के दौरान विभाग अपनी तरफ से तार नहीं लगाएगा तब तक मीटर लगाने का काम नहीं चलने देंगे।
फोरम के प्रधान धीरज गुप्ता ने कहा जहां एक तरफ स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध हो रहा है वहीं कस्बे में लोग विभाग का सहयोग कर रहे हैं, ऐसे में विभाग की ओर से मीटरिंग के दौरान लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा मीटर लगाने के लिए लोगों को अपने पैसों से तार खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। यह लोगों की जेब पर दोहरा बोझ है। बहुत से ऐसे लोग हैं जो बिजली का बिल भरने में भी असमर्थ हैं, उनपर भी स्मार्ट मीटर लगाने के लिए सर्विस लाइन की तार खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है, जो पूरी तरह से गलत है। मीटर लगाने हैं तो तार भी विभाग को उपलब्ध करानी चाहिए।
उन्होंने कहा फिलहाल काम को रुकवाया गया है और अगर इसी तरह से लोगों को परेशान किया गया तो कस्बे में मीटर लगाने का काम नहीं चलने देंगे। प्रदर्शन में फोरम के अध्यक्ष जोगिंदर पाल, सचिव युवराज सिंह, पंकज गुप्ता, विनोद गुप्ता, महेंद्र पाल सिंह आदि भी शामिल रहे।