कठुआ में बैंक प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्राहक। संवाद
कठुआ। जम्मू-कश्मीर स्टेट कोआपरेटिव एग्रीकल्चर एंड रूरल बैंक (जेके सकार्ड बैंक) के खिलाफ बैंक के ग्राहकों ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन कर जमा राशि का भुगतान करने की मांग की है। प्रदर्शन में शामिल दर्जनों ग्राहकों ने बैंक प्रबंधन पर मार्च महीने से भुगतान न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बैंक प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर जल्द से जल्द एफडी व आरडी की राशि भुगतान करने की मांग की है।
प्रदर्शन में शामिल संजय शर्मा ने बताया कि बैंक की ग्राहकों की कुल सात करोड़ की देनदारी बकाया है। जो लोगों ने पाई-पाई जोड़कर बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) और रिकरिंग डिपॉजिट (आरडी) के रूप में बैंक को दी है। बीते मार्च महीने से ग्राहक अपनी राशि को पाने के लिए बैंक के चक्कर लगा रही है, लेकिन बैंक प्रबंधन है कि सिर्फ आश्वासन पर आश्वासन दे रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहना है कि बैंक में जमा राशि को पाने के लिए वे जम्मू से लेकर कश्मीर तक बैंक के प्रबंध निदेशक का दरवाजा खटखटा चुके है। हाल ही में घाटी स्थित किसान मेले में पहुंचे कृषि मंत्री से भी ग्राहकों ने मुलाकात कर मामला संज्ञान में लाया था। लोगों का कहना है कि जिले के सभी बैंक शाखाओं में यही हालात है कि बैंक उनकी जमा की गई राशि देने में नाकाम साबित हो रहा है। जिसके चलते ग्राहकों के गुस्सा बढ़ रहा है। प्रदर्शनकारी शकुंतला देवी, दुर्गा सिंह सलारिया, विद्या सागर, बहादुर सिंह और रसाब सिंह ने बताया कि शहर के कोऑपरेटिव सोसाइटी में बैंक के चक्कर लगा-लगा कर वे थक गए है। यह राशि उन्होंने अपने मुश्किल समय के लिए बचा कर रखी थी। जिसे पाने के लिए पिछले आठ महीने से बैंक शाखा के चक्कर काटने को मजबूर हो रहे है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द उनकी राशि नहीं लौटाई गई तो आने वाले दिनों इससे भी बड़ा धरना प्रदर्शन करेंगे।
हाल ही में कृषि मंत्री के कठुआ दौरे के दौरान भी बैंक शाखाओं के प्रबंधन द्वारा ग्राहकों की राशि उपलब्ध करवाने की सरकार से मांग की थी। उन्होंने आश्वासन दिया था कि जल्द सरकार इस पर फैसला लेकर ग्राहकों की राशि लौटा देगी। बताया कि सरकार ने इस राशि को कर्मचारियों की वेतन सहित अन्य खर्च कर दी है। जिसके चलते बैंक ग्राहकों की राशि नहीं लौटा पा रहा है। बैंक प्रबंधन ने उम्मीद जताई है कि आगामी मार्च माह से पहले-पहले सभी राशि ग्राहकों को लौटा दी जाएगी।
-जगदीश राज, जेके सकार्ड बैंक शाखा प्रबंधक कठुआ।