बिलावर। उपमंडल के दूरदराज डूगैन ब्लॉक में जिला विकास परिषद के चेयरमैन ने दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं को जाना। इस अवसर पर एडीसी बिलावर सहित कई विभागों के अधिकारी और कई इलाके के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। ब्लाक चेयरमैन धर्म सिंह ने डूगैन ब्लॉक हेड क्वार्टर पर बैंक शाखा खोलने की मांग की। ब्लॉक चेयरमैन ने कहा कि दूरदराज के इलाके के लोगों को बैंक संबंधित कामकाज के लिए 50 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि गांव में एक प्राथमिक उपचार केंद्र भी खोला जाए और इलाके में पर्यटन को बढ़ावा दिया जाए। इस मौके पर बटोडी पंचायत के चमन लाल ने इलाके को सड़क संपर्क से जोड़ने की मांग की। आगे उन्होंने कहा कि दूरदराज का इलाका आज भी सड़क सुविधा से वंचित है। इससे लोगों को गांव में आज आने जाने के लिए कई किलोमीटर पैदल रास्ता तय करना पड़ता है। सदरौता पंचायत के सरपंच ने गांव में हायर सेकेंडरी स्कूल खोलने की मांग जिला विकास परिषद के चेयरमैन के समक्ष रखी। इस मौके पर कई अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने अपनी पंचायतों में पेयजल बिजली और लो वोल्टेज की समस्या के बारे में ब्लाक चेयरमैन को अवगत करवाया। इस अवसर पर जिला विकास परिषद के चेयरमैन ने लोगों को आश्वासन दिया के लोगों की जायज मांगों को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। एडीसी बिलावर संदेश कुमार शर्मा, कई जिला विकास परिषद के सदस्य, कई इलाकों के पंच सरपंच और इलाके के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।