बिलावर। उपमंडल के प्रसिद्ध देवस्थान सुकराला गांव कि लोगों ने सरकार से जम्मू कश्मीर बैंक की शाखा खोलने की मांग की है। बिलावर रूरल पंचायत के नायब सरपंच और स्थानीय निवासी सतीश शर्मा, मोहन लाल शर्मा और अन्य लोगों ने बताया कि 6 महीने पूर्व सरकार की ओर से बिलावर इलाके में तीन जम्मू-कश्मीर की बैंक शाखाएं खोलने की मंजूरी दी गई थी लेकिन आज तक गांव में बैंक शाखा नहीं खोली गई है। लोगों ने बताया कि सरकार ने सेरी मुनि, परनाला और सुकराला गांव के लिए बैंक शाखाएं खोलने का आदेश जारी किया था, जिसके बाद सेरी मुनि और परनाला मे 6 महीने पूर्व बैंक शाखाएं खोल दी गई लेकिन सुकराला गांव में आज तक बैंक शाखा नहीं खोली गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके की आबादी 10 हजार से अधिक हैं और लोगों को बैंक संबंधित कामकाज निपटाने के लिए 12 किलोमीटर की दूरी पर बिलावर में स्थित बैंकों पर निर्भर रहना पड़ता है या फिर लोगों को 30 किलोमीटर दूर मछैडी गांव में जाकर बैंक संबंधित कामकाज निपटाने पढ़ते हैं। लोगों ने बताया कि सरकार की ओर से चलाई गई कई योजनाओं का लाभ बैंक के माध्यम से लोगों तक पहुंचता है। ऐसे में बैंक दूर होने से लोगों को परेशान होना पड़ता है। नायब सरपंच ने बताया कि कई बार इस संबंध में उपमंडल के आला अधिकारियों को अवगत करवाया के जल्द से जल्द गांव में बैंक शाखा खोली जाए, लेकिन आज तक बैंक शाखा गांव में नहीं खोली गई है। लोगों ने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द सुकराला गांव में बैंक शाखा स्थापित की जाए।