कठुआ। शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को विभाग की टीम ने शहर में विभिन्न स्थानों पर नाके लगाकर लगभग 90 दुपहिया वाहन चालकों के चालान काटे। वहीं, इस दौरान सड़क के किनारे पर नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को भी पुलिस ने क्रेन से उठाकर जब्त कर लिया।
कार्रवाई के संबंध में डीटीआई वीरेंद्र सिंह का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस शहर में यातायात को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लेकिन, इसके बावजूद आम लोग अब भी न तो अपनी सुरक्षा के लिए चिंतित हैं, और न उन्हें अन्य लोगों की परेशानी से कोई लेना-देना है। जिसके कारण पुलिस को बार-बार कार्रवाई करनी पड़ती है।
उन्होंने बताया कि मात्र एक दिन की कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने लगभग 90 दुपहिया वाहनों का चालान करते हुए चालकों से जुर्माने के तौर पर 30 हजार रुपये वसूले हैं। ये वे लोग हैं जिन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। अभी फिलहाल शहर में दो पहिया वाहन चालकों का ही चालान किया जा रहा है। लेकिन, आने वाले दिनों में सहसवार भी अगर हेलमेट नहीं पहनता है, तो उसे भी पुलिस की कार्रवाई का अंजाम भुगतना होगा।