संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार दोपहर कठुआ जिले के महानपुर हल्का के पटवारी खजान चंद को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी लगातार पीडि़त पर रिश्वत लेने के लिए दवाब बना रहा था।
गुरुवार दोपहर बाद एसीबी टीम महानपुर में पहुंची। टीम ने पटवारी को 10 हजार रुपये के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। एसीबी की विज्ञप्ति के अनुसार शिकायतकर्ता ने बताया कि पटवारी ने उसकी बहन के नाम म्यूटेशन दर्ज करने के बाद दस्तावेज देने के लिए 20 हजार रुपये मांगे थे।
नौ हजार रुपये पहले ही ले लिएथे और शेष 11 हजार के लिए दबाव बनाया रहा था, जिसे बातचीत के बाद 10 हजार पर तय किया गया। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इंकार कर एसीबी से कार्रवाई की मांग की।
एसीबी ने शिकायत की गुप्त जांच की, जिसमें पटवारी द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी थाना जम्मू में एफआईआर दर्ज कर वीरवार को जांच के लिए जाल बिछाने पहुंची। आरोपी पटवारी को शिकायतकर्ता से रिश्वत की 10 हजार रुपये राशि लेते हुए स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और रिश्वत की राशि भी उसके कब्जे से बरामद की गई।