फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kathua News: जल्द बनेगा पाथ वे, सुबह शाम सैर करेंगे शहरवासी

विज्ञापन
विज्ञापन
कठुआ। सैर करने के शौकीन शहरवासियों को जल्द ही एक बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। दो करोड़ रुपये की लागत से शहर के बीचोंबीच बहने वाली कठुआ नहर के किनारे सुबह व शाम सैर करने के लिए पाथ-वे का निर्माण शुरू होने जा रहा है। जिला प्रशासन ने मग्गर खड्ड के पास से नहर के किनारे से शुरू होकर सावनचक, ड्रीमलैंड पार्क और शहीद भगत सिंह पार्क से रेडियो स्टेशन तक इसका निर्माण किए जाने की योजना तैयार की है।
विज्ञापन

हालांकि, यह योजना 2022 में बनी थी और काम भी शुरू हुआ था। दो किलोमीटर का पाथ-वे बना भी लेकिन किन्हीं कारणों के चलते काम बंद हो गया। इस दौरान पाथ-वे का कुछ ही हिस्सा बन पाया। तभी से यह प्रोजेक्ट लटका पड़ा था। अब प्रशासन ने दोबारा आचार संहिता से पहले नई डीपीआर बनाकर नहर के किनारे टाइल और स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना बनाई है। इसकी मंजूरी भी मिल चुकी है। योजना सिरे चढ़ी तो शहर में पहली बार लोगों को सुबह और शाम सैर करने की बड़ी सुविधा मिलेगी।
पाथ-वे बनने से होगा शहर का सौंदर्यीकरण
करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबे इस पाथ-वे के निर्माण के पीछे शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा भी देना है ताकि सुविधा के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोगों को यहां की व्यवस्था और सुंदरता का माॅडल दिखे। इस निर्माण में पाथ-वे पर आकर्षक टाइलें लगाने की भी योजना है। इसके अलावा, यहां आकर्षक स्ट्रीट लाइट्स और पाथ-वे के किनारे सुंदरता के लिए आर्नामेंटल फूल वाले पौधे लगाए जाएंगे। साफ-सफाई व रखरखाव के अभाव के कारण अब तक यह मार्ग झाड़ियों से पटा दिखता है। इसके अलावा, कई स्थानों पर कचरा भी रहता है। कुछ जगह का लोग अपने निजी काम के लिए भी इस्तेमाल कर रहे हैं। इस प्रयास से अस्थायी निर्माण भी हटेगा।
विज्ञापन

सड़कों के किनारे सैर करते हैं शहरवासी
शहर में लोग इस समय कॉलेज रोड, पुलिस लाइन रोड और नहर के किनारे यातायात वाले मार्ग के किनारे बने फुटपाथ पर सैर करते देखे जाते हैं। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, क्योंकि फुटपाथ पर अक्सर अतिक्रमण रहता है या फिर जगह-जगह खुले मैनहोल में गिरने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा स्टेडियम में भी कुछ लोग सैर करते हैं। हालांकि, शहर में इस समय चार मनोरंजन पार्क हैं। इसमें मुख्य ड्रीम लैंड पार्क और जनाना पार्क का निर्माण फ्लोरीकल्चर विभाग की ओर से किया गया है। इसके अलावा डिग्री काॅलेज के पास शहीद भगत सिंह पार्क है, जिसका निर्माण वन विभाग ने माॅडल पार्क के रूप में किया है। वहीं, कालीबड़ी के पास काॅलेज रोड पर एक बिरला पार्क है, वह भी मनोरंजन पार्क है, जिसका रखरखाव बिरला संस्थान के पास है। मौजूदा समय में कुछ लोग ड्रीमलैंड पार्क और जनाना पार्क में सुबह शाम सैर करने आते हैं।
निकाय डायरेक्टर के हस्तक्षेप के बाद से ठप पड़ा है निर्माण
फरवरी 2022 में पाथ-वे का निर्माण शुरू होने के बाद स्थानीय निकाय विभाग के तत्कालीन डायरेक्टर पुनीत शर्मा पाथ-वे का निरीक्षण करने कठुआ पहुंचे थे। लोगों ने उन्हें बताया कि पाथ-वे का निर्माण बिना ठोस योजना के करवाया जा रहा है। निर्माण में घटिया टाइलों का इस्तेमाल किया जा रहा है। लोगों ने मांग की थी कि उम्दा क्वालिटी का पाथ-वे बनाया जाए ताकि शहरवासी इस पर सुबह-शाम सैर कर सकें। इसके बाद बंद हुआ निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है।
-शहर में प्रशासन का इस तरह का पहला प्रयास है, जिसमें सुविधा के साथ-साथ नहर के किनारे क्षेत्र का सौंदर्यीकरण होगा। लोगों को आज के दौर में भीड़भाड़ वाले मनोरंजन पार्क के अलावा एकांत में शांत एवं स्वच्छ वातावरण में सैर करने की जगह उपलब्ध होगी। यहां पर ट्रायल के लिए स्ट्रीट लाइट्स लगाई गई हैं। जून में पाथ-वे बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
-डॉ. राकेश मिन्हास, जिला उपायुक्त, कठुआ
शहर में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक सैकड़ों लोग रोज सुबह सैर के लिए निकलते हैं लेकिन कोई आदर्श स्थान न होने के कारण लोगों को सड़कों पर ही सैर करते देखा जा सकता है। यहां अक्सर लावारिस मवेशियों का भय बना रहता है। अब अगर सैर करने वालों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पाथ वे का निर्माण किया जा रहा है तो यह बेहतर प्रयास है।


-मदन सिंह, स्थानीय



-



करीब पांच वर्ष पूर्व शहर के मध्य बहने वाली नहर के किनारे नगर परिषद ने पाथ-वे का निर्माण शुरू किया था। जो टुकड़ों में बना होने के साथ गुणवत्ता में भी सही नहीं था। परिणामस्वरूप इसका निर्माण भी बंद हो गया और जितना हिस्सा बना था, वहां लोगों ने उपयोग नहीं किया। अब दोबारा ऐसा प्रयास किया जा रहा है। जो उसमें गुणवत्ता का खास ख्याल रखा जाना चाहिए ताकि लोग उसका लंबे समय तक लाभ उठा पाएं।
विज्ञापन




-संदीप महाजन, स्थानीय
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें