हीरानगर। छन्न अरोड़ियां के भगवाल गांव में गेहूं की कटाई कर रही कंबाइन में आग लगने से आठ कनाल गेहूं की खड़ी फसल और कंबाइन में जमा तीन क्विंटल गेहूं जलकर राख हो गई।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार कंबाइन खेतों में गेहूं की फसल की कटाई का काम कर रही थी। कटाई करते जैसे ही स्थानीय निवासी भोलानाथ के खेत में पहुंची तो अचानक उसमें आग भड़क गई और उसमें से निकली चिंगारी से खेत में खड़ी फसल को आग लग गई। गांव के लोगों ने मिलकर आग बुझाने का काम शुरू किया और इसी के साथ दमकल विभाग को भी सूचित किया। इससे पहले की दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचतीं, लोगों ने आग पर काबू पा लिया लेकिन इससे पहले आग ने आठ कनाल गेहूं की खड़ी फसल को राख कर दिया। वहीं कंबाइन में तेज आग भड़कने के बाद चालक उसे छोड़कर जान बचाने के लिए भाग निकला और उसमें पड़ी तीन क्विंटल गेहूं भी जलकर राख हो गई।
भोला नाथ ने बताया कि दोपहर को उनके खेत में गेहूं की कटाई का काम शुरू हुआ। अभी काम शुरू हुआ ही था कि कंबाइन में अचानक आग लग गई। इसके बाद उसमें से कुछ चिंगारियां निकलीं और कंबाइन के आसपास लगी बाकी फसल भी जलकर राख हो गई। कंबाइन को भी भारी नुकसान हुआ है।